
टीएसपीसी के सक्रिय सदस्य हथियार के साथ गिरफ्तार
Latehar :लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी (TSPC) के एक सदस्य को हथियार के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक लातेहार कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ थाना क्षेत्र में छापामारी अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन गंझू, पिता करम गंझू उर्फ कर्मा गंझू, निवासी बरवा टोली, भगिया, बालूमाथ थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रोहन गंझू टीएसपीसी से जुड़ा हुआ है और पूर्व में भी कई आपराधिक कांडों में आरोपी रहा है।
पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित छापामारी दल ने भगिया से सरनवा जाने वाली सड़क के किनारे घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी मजल लोडिंग बंदूक बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बालूमाथ, बारियातू एवं टंडवा थाना क्षेत्रों में कई मामले दर्ज हैं। इनमें बारियातू थाना कांड संख्या 70/2024, 71/2024, 39/2025 एवं 09/2026 तथा बालूमाथ थाना कांड संख्या 73/2026 शामिल हैं।
छापामारी अभियान में बालूमाथ थाना प्रभारी पुअनि अनुभव सिन्हा, पुअनि देवेंद्र कुमार, धीरज कुमार सिंह, होसेन डांग, मनोज कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।





