
ट्रिपल मर्डर का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर
Lakhnau : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में 24 घंटे में तीन हत्याओं को अंजाम देने वाले साइको किलर को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। रात करीब 11 बजे दरियापुर में सीन रीक्रिएशन के दौरान वह पुलिस की पिस्टल छीनकर भाग रहा था। आरोपी के सीने और पेट में दो गोलियां लगी हैं। इस दौरान एसआई और जीआरपी सिपाही घायल हुए हैं।डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण के मुताबिक, अमृतसर के रहने वाले गुरप्रीत सिंह ने पहली वारदात रविवार सुबह 6.45 पर पैसेंजर ट्रेन में अंजाम दी थी। जिसमें आरोपी ने ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में चढ़कर गाजीपुर के रहने वाले 34 साल के मंगरू की हत्या कर दी थी। इसके बाद वो 10 मई की रात 1:30 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार हुआ और बिहार के गया के दिनेश साहू पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।

इस घटना के बाद वो पैदल घूमता रहा, सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे मुगलसराय के जीवक अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टर से इलाज कराने के लिए पर्ची बनवाई और उसके बाद वार्ड में घुस गया। वहां भर्ती महिला लक्ष्मीना देवी के सिर पर रिवॉल्वर रखकर गोली चला दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को वॉर्ड बॉय और बाकी लोगों ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया था। उसके पास से पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर, डबल बैरल बंदूक और कारतूस बरामद किए थे।
आरोपी ने तीन हत्याएं करने की बात कबूली थी। पूछताछ में सामने आया था कि गुरप्रीत सिंह ने 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी। 29 अप्रैल को नौकरी के लिए पंजाब से बिहार के आरा गया था। वहां शराब की लत के कारण उसे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया था। वह 9 मई को ट्रेन से प्रयागराज गया और फिर चंदौली आ गया।
चंदौली के पीडीडीयू नगर के अलीनगर थाना इलाके के कमलापुर स्थित एक निजी अस्पताल के वार्ड में भर्ती लक्ष्मीना (56) की सोमवार की सुबह लगभग सात बजे आरोपी गुरप्रीत ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने महिला के सिर में गोली मारी थी। इसके बाद आरोपी मौके से भागने लगा।
लोगों ने पीछा करना शुरू कर दिया। ऑटो चालक ने आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के दोनों हाथों में असलहा था। भीड़ ने आरोपी गुरप्रीत की पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस अधीक्षक, सीओ और कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। लक्ष्मीना के पुत्र की तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। बिहार प्रांत के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बढ़ौना गांव की लक्ष्मीना देवी के पैर में फ्रैक्चर हो गया था।



