पलामू में बिजली संकट को लेकर वित मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने की समीक्षा बैठक

Palamu : पलामू में कम बारिश एवं भीषण गर्मी के कारण कृषि कार्य प्रभावित होने की स्थिति को देखते हुए बिजली आपूर्ति की समस्या के समाधान को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में वित्त, योजना एवं विकास, वाणिज्यकर एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि बिजली की कमी के कारण किसानों के सिंचाई कार्य प्रभावित न हों।

बैठक में मंत्री किशोर ने सबसे पहले पलामू जिले की कुल बिजली आवश्यकता एवं वर्तमान आपूर्ति की जानकारी ली। विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले को करीब 270 मेगावाट बिजली की आवश्यकता है, जबकि वर्तमान में 183 मेगावाट बिजली मिल रही है। इस प्रकार जिले में करीब 87 मेगावाट बिजली की कमी है।

मंत्री ने कहा कि पलामू प्रमंडल में कम बारिश, सूखे एवं गर्मी के कारण कृषि कार्य पहले से ही प्रभावित हैं। ऐसे समय में किसानों के लिए पर्याप्त एवं नियमित बिजली आपूर्ति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिया कि कृषि कार्य को प्राथमिकता में रखते हुए बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए तथा लो वोल्टेज एवं जर्जर विद्युत तारों से संबंधित समस्याओं को भी दुरुस्त किया जाए।

बैठक में बढ़े हुए कृषि भार को देखते हुए ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने नियमानुसार 25 केवीए के ट्रांसफार्मर को 63 केवीए तथा 63 केवीए के ट्रांसफार्मर को 100 केवीए में अपग्रेड करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि उनके स्तर से तत्काल 63 केवीए एवं 100 केवीए क्षमता के नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी।

विद्युत विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन करीब 20 से 25 ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। अधिकारियों ने बैठक में 200-200 की संख्या में 63 केवीए एवं 100 केवीए के ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की मांग रखी। मंत्री ने इस दिशा में आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

मंत्री ने छत्तरपुर एवं नौडीहा बाजार में निर्माणाधीन विद्युत ग्रिड की प्रगति की भी जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि छत्तरपुर ग्रिड निर्माण से संबंधित कुछ कार्य वन विभाग से एनओसी नहीं मिलने के कारण लंबित हैं। इसके अलावा संवेदक द्वारा भी कार्य विलंब से शुरू किया गया है। मंत्री ने संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को गति देने का निर्देश दिया।

बैठक में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने, कृषि कार्य के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, नए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने तथा लो वोल्टेज एवं जर्जर विद्युत तारों की समस्या दूर करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार,झारखंड विद्युत वितरण निगम लिमिटेड मेदिनीनगर के महाप्रबंधक,अधीक्षण अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल डालटनगंज एवं छत्तरपुर के कार्यपालक अभियंता समेत पाटन, छत्तरपुर एवं नौडीहा बाजार के प्रखंड विकास पदाधिकारी उपस्थित थे।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!