प्रभात मेहता अपहरण एवं हत्या कांड में एक और आरोपी गिरफ्तार
ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाकर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया
Palamu : पलामू पुलिस ने प्रभात कुमार मेहता अपहरण एवं हत्याकांड में एक और आरोपी को गिरफ्तार कर मामले के अनुसंधान में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।ज्ञात हो कि दिनांक 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को ग्राम सहदेवा, थाना पाटन, जिला पलामू निवासी ठाकुर दयाल मेहता ने लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र प्रभात कुमार मेहता का राहुल राम पिता विनोद राम, ग्राम कुड़वा, थाना पाटन द्वारा मोटरसाइकिल से अपहरण कर लिया गया है। आवेदन के आधार पर पाटन थाना कांड संख्या-120/2026 दिनांक 25.07.2026 के तहत धारा 140(1)/140(2)/140(3) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
अनुसंधान के क्रम में 26 जुलाई 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर अपहृत प्रभात कुमार मेहता का शव ग्राम पाण्डेयपुरा करोरिया स्थित देवेन्द्र भुईया के अर्द्धनिर्मित मकान से बरामद किया गया। इसके बाद मामले में हत्या की धाराएं जोड़ते हुए अनुसंधान आगे बढ़ाया गया।
कांड के नामजद अभियुक्त राहुल कुमार उर्फ राहुल राम उर्फ राहुल चन्द्रवंशी, पिता विनोद राम, ग्राम कुड़वा, थाना पाटन, जिला पलामू को 29 जुलाई 2026 को राजनकुंटे (बेंगलुरु) से गिरफ्तार किया गया था तथा 1 अगस्त 2026 को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

मामले में संलिप्त अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में अनुसंधान के दौरान धर्मेन्द्र कुमार (23 वर्ष), पिता प्रकाश कुमार, निवासी ग्राम खरौंधा, थाना पाटन, जिला पलामू की संलिप्तता सामने आई। सत्यापन के उपरांत उसे भरथल थाना, सदर जगाधरी, जिला यमुनानगर (हरियाणा) क्षेत्र से 4 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त धर्मेन्द्र कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए हत्या का कारण आपसी दुश्मनी एवं पुरानी रंजिश बताया है। अभियुक्त को तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर पलामू लाया गया, जिसके बाद उसे आज न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त
- धर्मेन्द्र कुमार, उम्र 23 वर्ष, पिता – प्रकाश कुमार, निवासी – ग्राम खरौंधा, थाना पाटन, जिला पलामू
बरामद सामान
- एक मोबाइल फोन (Redmi Note 10 Pro), जिसमें एक सिम कार्ड लगा हुआ है।
अपराधिक इतिहास
- पाटन थाना कांड संख्या-39/2024, दिनांक 28.03.2024, धारा 25(1-b)(a)/26/35 आर्म्स एक्ट।
छापामारी दल
- पाटन थाना पुलिस बल।



