बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान तेजी से हो रहा है विकसित

5 नवंबर तक जारी रहेगा झारखंड सहित कई राज्यों में बारिश का दौर

नई दिल्ली : चक्रवात ‘अर्नब’ का प्रभाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, तो दूसरी ओर बंगाल की खाड़ी में एक और तूफान तेजी से विकसित हो रहा है. आईएमडी के मुताबिक देश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है. पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और लगातार हो रही बारिश ने ठंड का अहसास बढ़ा दिया है. लोगों ने गर्म कपड़ों और कंबलों का सहारा लेना शुरू कर दिया है.

31 अक्टूबर को देश के पूर्वी, पहाड़ी और पश्चिमी इलाकों में छिटपुट से लेकर भारी बारिश का अनुमान है.पश्चिम बंगाल और सिक्किम के बड़े हिस्से में कल मूसलाधार बारिश जारी रहेगी. इसके अलावा, बिहार, झारखंड और गंगा के मैदानी इलाकों में भी कल से बारिश का नया दौर शुरू होगा, जो 5 नवंबर तक चल सकता है. अरुणाचल प्रदेश के लिए कल भारी बारिश की विशेष चेतावनी जारी की गई है. शनिवार को उत्तराखंड में गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान आने की आशंका जताई गई है. इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो सकता है. उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में भी कल आसमान में बादल छाए रहेंगे और छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है.

देश की राजधानी और आसपास के इलाकों में कल आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे, जिससे धूप की तपिश थोड़ी कम होगी. दिल्ली में अधिकतम तापमान 26-28°C और न्यूनतम तापमान 15-17°C के बीच रहने की उम्मीद है. सुबह के वक्त उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवाएं चलेंगी.

इधर, चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण रांची सहित राज्य के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश लातेहार जिले के बालूमाथ में 111.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में शुक्रवार की सुबह से बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। साथ ही कुहासा भी देखा गया। हालांकि बाद में मौसम साफ हो गया। वहीं दोपहर बाद भी बादल छाए रहे और मौसम में ठंडक महसूस की गई।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!