
भवनाथपुर में भीषण सड़क हादसा: दो बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौके पर दर्दनाक मौत
Gadhwa : जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र स्थित शिवपूजन पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार की शाम दो बाइकों के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में तीन युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकें हवा में उछल गईं और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

मृतकों की पहचान भवनाथपुर थाना क्षेत्र के धगरडीहा मकरी गांव निवासी प्रभात सिंह उर्फ पप्पू, सिंघीताली गांव निवासी आर्यन चौबे तथा गढ़वा निवासी रोहित कुमार सिंह के रूप में हुई है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकें तेज गति से आ रही थीं। शिवपूजन पेट्रोल पंप के समीप आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई, जिससे तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
सूचना मिलते ही भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को भी जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार प्रभात सिंह और रोहित कुमार सिंह एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे, जबकि आर्यन चौबे ड्यूटी से वापस अपने घर जा रहे थे।
इसी दौरान शिवपूजन पेट्रोल पंप के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसने तीनों युवकों की जान ले ली।इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और लोगों में इस दर्दनाक दुर्घटना को लेकर गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है।




