
नौडीहा बाजार: बाराखाड़ डैम से युवक का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
Palamu : पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के खैरादोहर पंचायत अंतर्गत सलैया खुर्द गांव निवासी महेंद्र सिंह (45) का शव गुरुवार को बाराखाड़ डैम से बरामद किया गया।मृतक रामविलास सिंह के पुत्र थे। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह मंगलवार को गांव के दो अन्य लोगों के साथ मछली पकड़ने के लिए घर से निकले थे। बताया जाता है कि उनके साथ गए दोनों लोग वापस घर लौट आए, लेकिन महेंद्र सिंह घर नहीं पहुंचे। काफी खोजबीन के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने नौडीहा बाजार थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश के दौरान बाराखाड़ डैम से महेंद्र सिंह का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।
इधर, मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




