
भीतर पंडरा गांव में पुलिस ने चलाया जनजागरूकता अभियान,बच्चों के बीच बांटी शैक्षणिक सामग्री
Latehar : गारु थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती गांव भीतर पंडरा में पुलिस द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह गांव पूर्व में घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें भरोसा दिलाया कि अब क्षेत्र नक्सली शोषण और भय के वातावरण से मुक्त हो चुका है तथा वे पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सकते हैं।
बैठक में ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल थाना को सूचना देने तथा आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
साथ ही बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने, अंधविश्वास से दूर रहने और नशा मुक्ति के लिए महुआ शराब, हंडिया एवं अन्य मादक पदार्थों के बहिष्कार जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा कर लोगों को जागरूक किया गया।इस अवसर पर गांव के छोटे-छोटे बच्चों के बीच कॉपी, कलम, पेंसिल, रबर, कटर एवं चॉकलेट का वितरण किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित रूप से पढ़ाई करने और अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाला बताया।





