भीषण गर्मी में राहगीरों को मिली राहत, पनशाला में बांटा गया ठंडा पानी व गुड़

Latehar:बरवाडीह भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच राहगीरों एवं बाजार आने वाले लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से शुक्रवार को बस स्टैंड परिसर स्थित पनशाला में ठंडा पानी और गुड़ का वितरण किया गया। साप्ताहिक बाजार के अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने शीतल जल ग्रहण कर गर्मी से राहत महसूस की। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पेयजल की समस्या और भीषण गर्मी को देखते हुए व्यवसायी सह समाजसेवी विनय अग्रवाल द्वारा 24 अप्रैल को बस स्टैंड परिसर में पनशाला की शुरुआत की गई थी। उसी क्रम में शुक्रवार को विशेष रूप से 10 जार ठंडा पानी एवं गुड़ की व्यवस्था की गई। इस दौरान सैकड़ों राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों के बीच शीतल जल एवं गुड़ का वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज, संघ के सलाहकार विवेक कुमार सिंह सहित कई स्थानीय व्यवसायी उपस्थित रहे और लोगों को पानी वितरण में सहयोग किया। इस अवसर पर दीपक राज ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान प्यासे लोगों को शीतल जल उपलब्ध कराना एक अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे लोग ही प्रेरणा बनते हैं जो बिना किसी स्वार्थ के जनहित में आगे बढ़कर कार्य करते हैं। विनय अग्रवाल द्वारा लगातार संचालित की जा रही यह पहल न केवल राहगीरों को राहत पहुंचा रही है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता का संदेश भी दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि सक्षम लोग अपने-अपने स्तर से ऐसे छोटे-छोटे जनसेवा कार्यों में योगदान दें तो समाज के कई लोगों की परेशानियां स्वतः कम हो सकती हैं। उपस्थित लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय कदम बताया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!