मेदिनीनगर छोटी मस्जिद रोड में अतिक्रमण पर नगर निगम सख्त, 24 घंटे के अंदर दुकान हटाने का दिया अल्टीमेटम
Palamu : मेदिनीनगर शहर के छोटी मस्जिद रोड में सड़क किनारे दुकान के सामने चूल्हा-भट्टी, टेबल, बेंच, काउंटर और चौकी लगाकर कारोबार करने वाले दुकानदारों के खिलाफ मेदिनीनगर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है।नगर निगम की ओर से जारी आदेश में दुकानदारों को 24 घंटे का समय देते हुए सड़क से सभी प्रकार का सामान हटाने का निर्देश दिया गया है।

आदेश में कहा गया है कि कई बार सड़क पर चूल्हा-भट्टी जलाकर कोयले से काम करने तथा सड़क पर सामान फैलाकर कारोबार करने की शिकायत नगर निगम, पुलिस प्रशासन और आम जनता की ओर से प्राप्त हुई है।
नगर निगम ने दुकानदारों से अपील करते हुए कहा है कि वे अपनी दुकानों के सामने सड़क पर रखे टेबल, बेंच, काउंटर, चौकी, चूल्हा-भट्टी समेत अन्य सामान निर्धारित समय के भीतर हटा लें।आदेश में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि 24 घंटे के भीतर सामान नहीं हटाने पर पुलिस प्रशासन और दंडाधिकारी की मौजूदगी में सड़क पर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
नगर निगम ने दुकानदारों से अपील की है कि वे सड़क और सार्वजनिक स्थान को अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें।





