मोहम्मदगंज में 28.60 मीटर पुलिया निर्माण को मिली प्रशासनिक मंजूरी
मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना से होगा निर्माण, 2.09 करोड़ रुपये से बदलेगी ग्रामीणों की तस्वीर
Palamu : जिले के मोहम्मदगंज प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत की खबर है। ग्रामीण कार्य विभाग ने मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में मोहम्मदगंज ग्राम पंचायत के नदीपार टोला (मोहसिननगर) में कासीसोत नदी पर 28.60 मीटर लंबी पुलिया के निर्माण को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। पुल निर्माण के लिए विभाग ने 2 करोड़ 9 लाख 51 हजार 300 रुपये की राशि स्वीकृत की है।

ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार की ओर से जारी प्रशासनिक स्वीकृति आदेश में बताया गया है कि योजना के विस्तृत प्राक्कलन पर मुख्य अभियंता, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, रांची की अनुशंसा के बाद परियोजना को स्वीकृति दी गई है। यह स्वीकृति वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत दी गई है। स्थानीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव ने अप्रैल माह में ही उक्त पुल के निर्माण हेतु लिखित अनुशंसा विभाग को भेजी थी।
कासीसोत नदी पर पुलिया का निर्माण होने से नदी के दोनों ओर बसे ग्रामीणों को सालभर सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। खासकर बरसात के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलने की उम्मीद है। पुलिया बनने से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने में भी सुविधा होगी।
विभागीय आदेश में कार्य शुरू करने से पूर्व कार्यपालक अभियंता को प्रस्तावित पुल के दोनों ओर पहुंच पथ की स्थिति की जांच करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि दोनों ओर पूर्व से पथ निर्मित नहीं होने की स्थिति में ही पुल निर्माण कार्य शुरू किया जाए। विभाग ने योजना के क्रियान्वयन में निर्धारित तकनीकी एवं प्रशासनिक नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि संबंधित योजना का क्रियान्वयन पीएमजीएसवाई अथवा किसी अन्य योजना के अंतर्गत नहीं किया जा रहा हो, इसकी पुष्टि की जाए। पुल निर्माण के सभी तकनीकी पहलुओं की जांच और संतुष्टि के बाद ही कार्य को आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
लंबे समय से बेहतर आवागमन की सुविधा की उम्मीद लगाए ग्रामीणों के लिए इस स्वीकृति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिया का निर्माण पूरा होने के बाद नदीपार टोला सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रशासनिक स्वीकृति मिलने के बाद अब ग्रामीणों की नजर निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी है।




