
रक्षाबंधन पर छात्राओं ने वाहन चालकों को बांधी राखी, हेलमेट पहनने का लिया संकल्प

Latehar : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उपायुक्त लातेहार संदीप कुमार के निर्देशानुसार गुरुवार को धर्मपुर चौक के पास सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी उमेश मंडल, पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप कुमार एवं प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक राम लखन बर्नवाल के नेतृत्व में 27 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर आयोजित इस अभियान में सीएम एक्सीलेंट विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया।
अभियान के दौरान छात्राओं ने बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। छात्राओं ने संदेश दिया कि जिस प्रकार रक्षाबंधन के अवसर पर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र एवं सुरक्षा की कामना करते हुए राखी बांधती हैं, उसी प्रकार सड़क पर वाहन चलाने वाले भाई भी अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने वाहन चालकों से स्वयं सुरक्षित रहने तथा दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
इस दौरान वाहन चालकों ने छात्राओं से भविष्य में बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन नहीं चलाने तथा यातायात के सभी नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान सहयात्री को भी हेलमेट का प्रयोग कराने, नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने तथा तेज गति एवं खतरनाक तरीके से वाहन नहीं चलाने सहित सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि अपने जीवन एवं परिवार की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। रक्षाबंधन पर आयोजित यह जागरूकता अभियान लोगों को भावनात्मक रूप से सड़क सुरक्षा का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।





