
सरयु घासीटोला के बीचमरवा में गहराया जल संकट,एक जलमीनार से नहीं पूरी हो रही 45 घरों की जरूरत
Sanjay prajapati @ united palamu
Latehar: लातेहार जिले के सरयू प्रखंड अंतर्गत घासीटोला पंचायत के टोला बीचमरवा में भीषण जल संकट गहराता जा रहा है। गांव में लगभग 45 घर हैं, लेकिन पूरे क्षेत्र के लिए मात्र एक जलमीनार ही उपलब्ध है, जिससे ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार जलमीनार में पानी भरने में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिसके कारण अनियमित रूप से केवल एक बार ही जलापूर्ति हो पाती है। इससे दैनिक जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। पीने के पानी के साथ-साथ नहाने एवं अन्य घरेलू कार्यों के लिए भी ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी प्रदीप घासी, चंद्रदेव घासी, विनोद घासी समेत अन्य लोगों ने बताया कि पानी की समस्या लगातार बनी हुई है और वर्तमान व्यवस्था से सभी परिवारों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं।
बोरिंग धंस जाने से पानी की क़िल्लत बढ़ गई।
पुर्व में एक अन्य जलमीनार लगा हुआ था,जिसका बोरिंग धंस गया हैं। उन्होंने कहा कि मजबूरी में नहाने और अन्य कार्यों के लिए पास स्थित छोटी नदी का सहारा लेना पड़ता है, जो अब सूखने के कगार पर पहुंच चुकी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर जल संकट के समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि अतिरिक्त जलस्रोतों की व्यवस्था एवं जलमीनार की मरम्मत या क्षमता बढ़ाने की दिशा में त्वरित कदम उठाए जाएं, ताकि उन्हें इस भीषण गर्मी में राहत मिल सके।





