झारखंड में आज और कल राजकीय शोक की घोषणा, सरकार ने जारी की अधिसूचना
रांची : नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखण्ड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार
के निधन पर दो दिवसीय राजकीय शोक मनाये जाने का निर्णय झारखंड सरकार ने लिया है।इस संबंध में सरकार के विशेष कार्य पदाधिकारी अखलेश कुमार सिन्हा ने पत्र जारी कर राज्य के सभी अधिकारियों को सूचित कर दिया है।

जारी पत्र में कहा गया है कि अत्यंत दुख के साथ सूचित करना है कि सुदिव्य कुमार, माननीय मंत्री, नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखण्ड सरकार का निधन दिनांक 06.09.2026 को प्रातः में मर्सी अस्पताल, गिरिडीह में हो गया है। दिवंगत मंत्री के सम्मान में राज्य सरकार द्वारा दिनांक 06.09.2026 एवं 07.09.2026 को दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया गया है।
उक्त अवधि में उन सभी भवनों, जहाँ नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते हैं, पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे एवं किसी भी प्रकार के राजकीय समारोह का आयोजन नहीं किया जायेगा। राज्य सरकार द्वारा यह भी निर्णय लिया गया है कि राज्य सरकार के सभी कार्यालय दिनांक 07.09.2026 को बन्द रहेंगे। इस बात की जानकारी राज्य के सभी उपायुक्त, सभी वरीय पुलिस अधीक्षक और सभी पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है।




