
आपकी दुकान में कपड़ा चश्मा मोबाइल बिकता होगा, लेकिन अभय तिवारी की दुकान में बीडीओ-सीओ बिकता है : देवेंद्र महतो
Latehar : जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध एवं भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा निकाली। रैली जिला मुख्यालय स्थित माको डाक बंगला से शुरू होकर समाहरणालय के समीप पहुंची।
इस दौरान जेएलकेएम नेता देवेंद्रनाथ महतो ने झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार का बोलबाला बढ़ गया है और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का अभाव है। उन्होंने कहा कि अपने अधिकारों और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर लाठीचार्ज करना अन्यायपूर्ण है।
देवेंद्रनाथ महतो ने तीखे अंदाज में कहा, “सुनो जनता, आपकी दुकान में कपड़ा, जूता-चप्पल, चावल, दाल, सब्जी और चश्मा ,मोबाइल फल बिकते होंगे, लेकिन अभय तिवारी की दुकान में नौकरी बिकती है। वहां बीडीओ, सीओ और डीएसपी,दारोगा बिकता है।” उन्होंने कहा कि सरकार को भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षाओं को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को दमनात्मक कार्रवाई करने के बजाय छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने भर्ती व्यवस्था में सुधार होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
इस दौरान जेएलकेएम के कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।





