
एसीबी की बड़ी कार्रवाई : पंचायत सेवक 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Latehar : जिले के मनिका प्रखंड अंतर्गत विशुनबांध एवं बरकाडीह पंचायत के पंचायत सेवक नागेश्वर रजक को पलामू एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीम ने बुधवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंचायत सेवक नागेश्वर रजक सरकारी कार्य करने के एवज में एक लाभुक से 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग करने का आरोप था। पीड़ित ने इसकी शिकायत पलामू एसीबी से की।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का सत्यापन किया, जिसमें आरोप सही पाए गए।इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मनिका प्रखंड कार्यालय में चल रही एसआईआर कार्य के दौरान पंचायत सेवक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम उन्हें अपने साथ पूछताछ के लिए ले गई।
इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही मनिका प्रखंड कार्यालय एवं संबंधित पंचायतों में हड़कंप मच गया। एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।



