ओझा गुनी मामले को लेकर हुई मारपीट में 3 घायल, एक की हालत गंभीर
Palamu : गढ़वा जिले के बरडीहा थाना क्षेत्र के सरसतीया गांव में ओझागुनी मामले को लेकर हुई मारपीट में तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।घायलों में सरसतीया गांव निवासी पति वीरेंद्र यादव,पत्नी सारो देवी और पुत्र पिंटू कुमार यादव का नाम शामिल है।

घटना के बारे में घायल के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर ओझा गुनी मामले को लेकर गांव के ही राधे श्याम यादव,संभू यादव,बसंत यादव, सोभ नाथ यादव,अनूप कुमार यादव,बिपिन कुमार यादव, सिंदू कुमारी,खुशबू कुमारी,मीना देवी,चंद्रावती देवी उनके घर पर पहुंचे और लाठी डंडे से पीटकर मां पिता और पुत्र तीनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद परिजनों के द्वारा घायल तीनों व्यक्ति को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल लाया गया। जहां इलाज के बाद भी चिकित्सको ने पिंटू कुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर बरडीहा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घटना से संबंधित मामले की छानबीन में जुट गई है। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर अस्पताल पुलिस चौकी के पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान महेंद्र कुमार,विकास कुमार अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना के बारे में जानकारी लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गए हैं।




