छतरपुर : पत्नी को लेने ससुराल पहुंचे व्यक्ति की मकई के खेत में मिली लाश, ससुर फरार
Palamu : पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के भीखही गांव के पूर्वी टोला में रविवार सुबह मकई के खेत से एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बभनडीह गांव निवासी गांधी भुइयां के रूप में हुई है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया।

बताया गया कि गांधी भुइयां की पत्नी काफी समय से मायके में रह रही थी। वह बिहार के कुदरा में मजदूरी करती है। पत्नी को वापस घर ले जाने की बात को लेकर गांधी शनिवार को अपने बच्चों के साथ ससुराल पहुंचा था। रात में खाना खाने के बाद वह अपने ससुर जगदेव भुइयां के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे मकान में सोने चला गया था।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने मकई के खेत में गांधी का शव पड़ा देखा। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना के बाद मृतक का ससुर जगदेव भुइयां फरार बताया जा रहा है। उसके फरार होने से मामले में संदेह गहरा गया है। छतरपुर थाना प्रभारी सौरभ चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव की स्थिति से मारपीट की आशंका प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है।
मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस फरार ससुर की तलाश के साथ सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।



