
पलामू एसपी के निर्देश पर चैनपुर और शहर थाना पुलिस ने चलाया संयुक्त वाहन चेकिंग अभियान
चैनपुर (पलामू): अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के गांधीपुर में एक बड़ा एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशानुसार, चैनपुर थाना और शहर थाना की संयुक्त टीम ने इस चेकिंग अभियान का नेतृत्व किया।

इस विशेष अभियान के दौरान दो पहिया और चार पहिया वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने बिना हेलमेट, ट्रिपल लोडिंग और बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने वाले चालकों को रोककर सख्त हिदायत दी।
नियमों की अनदेखी करने वाले कई चालकों को पहली बार समझाकर छोड़ दिया गया और आगे से गाड़ी के सभी जरूरी कागजात और हेलमेट के साथ ही सड़क पर निकलने की चेतावनी दी गई। वहीं, कुछ नियम तोड़ने वाले वाहनों को जब्त कर थाने भी ले जाया गया है।




