पलामू में रक्तदान महाअभियान का हुआ शुभारंभ,एक वर्ष तक चलेगा अभियान

शहर से गांव तक पहुंचाया जाएगा रक्तदान का संदेश, जिले में रक्त की कमी दूर करने का लक्ष्य

Palamu : पलामू जिला प्रशासन की ओर से जिले में रक्त की कमी को दूर करने के उद्देश्य से शनिवार को रक्तदान महाअभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान पूरे एक वर्ष तक संचालित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से शहर से लेकर गांव तक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करते हुए अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पलामू समाहरणालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं सिविल सर्जन डॉ. अनिल ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर में प्रशिक्षु आईएएस ऋत्विक मेहता एवं उनकी पत्नी डॉ. वेदिका गुप्ता ने रक्तदान कर लोगों को इस महाअभियान से जुड़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि रक्तदान केवल किसी व्यक्ति की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है। अस्पतालों में जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके, इसके लिए जिले में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि रक्तदान को केवल एक शिविर तक सीमित न रखते हुए इसे शहर से लेकर गांव तक जन-अभियान का स्वरूप दिया जाए।

उपायुक्त ने पलामूवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ एवं सक्षम प्रत्येक व्यक्ति आगे आए और अपनी इच्छा से रक्तदान करे। आपका कुछ समय और थोड़ी-सी पहल किसी जरूरतमंद के जीवन के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, सरकारी कर्मियों एवं आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी नियमित रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाने एवं अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

प्रेस विज्ञप्ति जारी किए जाने तक आयोजित शिविर में कुल 21 यूनिट रक्तदान किया जा चुका था।

रक्तदान महाअभियान के तहत आगामी 2 अक्टूबर को पुलिस लाइन तथा 14 अक्टूबर को एमएमसीएच में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से इन शिविरों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!