पलामू में लोकतंत्र बचाओ,अराजकता हटाओ को लेकर भाजपा ने की पदयात्रा ,अर्जुन मुंडा ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Palamu : मेदिनीनगर शहर के शिवाजी मैदान से कचहरी परिसर तक भारतीय जनता पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ एक विशाल पदयात्रा निकाली. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और झारखंड प्रभारी निवेदिता सिंह भी मुख्य रूप से शामिल रहे।

कचहरी परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राहुल गांधी सत्ता पाने के लिए देश की जनता को भ्रमित कर रहे हैं और कांग्रेस के लोग सत्ता में आने के लिए गलत हथकंडे अपना रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से हम ऐसे लोगों को संदेश देने के लिए आए हैं, जो इस देश में लोकतंत्र पर हमला कर रहे हैं, देश के लोकतंत्र को बदनाम करने का काम कर रहे हैं और देश में अराजक स्थिति पैदा करके यह कोशिश कर रहे हैं कि देश में अपराध-अराजकता मचे और देश का जो विकास है, वह बाधित हो. देश का जो भविष्य है, वह अंधकार की ओर जाए. इसलिए ऐसे लोग, खासकर कांग्रेस के लोग, जो विरोध कर रहे हैं और सत्ता से बाहर हैं तथा सत्ता में आने के लिए व्याकुल हैं, गलत हथकंडे अपनाने की कोशिश कर रहे हैं. मॉक पार्लियामेंट के माध्यम से पार्लियामेंट को बदनाम कर रहे हैं. लोकतंत्र का मंदिर, जहां जनप्रतिनिधि चुनकर जाते हैं, वहां अपनी बात रखने के बजाय मॉक पार्लियामेंट यानी नौटंकी करने और मजाक बनाने का काम लोकतंत्र के ऊपर कर रहे हैं. इससे लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हो रही है.

इसलिए भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आज हम यहां मेदिनीनगर में पदयात्रा के माध्यम से वैसे लोगों को संदेश देना चाहते हैं कि देश अराजकता से नहीं चलेगा, देश लोकतंत्र से चलेगा और लोकतंत्र पर देश की जनता को भरोसा है, देश की जनता को विश्वास है।इसी विश्वास के साथ हम आज भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता यहां मेदिनीनगर में पदयात्रा करते हुए पहुंचे हैं. ऐसे लोगों को निश्चित रूप से जनता सबक सिखाएगी, जो लोकतंत्र को मजाक बनाने और नौटंकी करने का काम कर रहे हैं. जब वे सत्ता में रहे, तब हमेशा सत्ता का दुरुपयोग किया, सत्ता के माध्यम से देश को कमजोर किया और देश के विकास के बारे में कभी नहीं सोचा. जब देश अब आगे बढ़ रहा है, जब जनता की मौलिक जरूरतें सुनिश्चित हो रही हैं कि उसे न्याय मिले और उसे इस देश की ऐसी शक्ति बनाया जाए, जिससे एक समर्थ राष्ट्र का गौरव आम नागरिक अपने आप में महसूस करे.

जहां देश 2047 का लक्ष्य लेकर लगातार कार्ययोजना का कार्यान्वयन कर रहा है, वहीं ऐसे लोग नौटंकी करने का काम कर रहे हैं. झारखंड राज्य की दुर्दशा है. झारखंड राज्य की सड़कों की स्थिति खराब है. झारखंड राज्य में एक आम आदमी असुरक्षित है. झारखंड राज्य में माताओं और बहनों को पेंशन नहीं मिल रहा है. लगातार थानों में बलात्कार की घटनाएं घट रही हैं और अपराधियों को प्रशासनिक पदाधिकारियों का संरक्षण प्राप्त हो रहा है. राजनीतिक दृष्टि से जो लोग सरकार में हैं, वे भी संरक्षण दे रहे हैं. यह राज्य की स्थिति है. राज्य में लगातार माफियागिरी बढ़ रही है, लूटपाट की घटनाएं बढ़ रही हैं. किसी को न्याय नहीं मिल रहा है और राज्य में अपराध का माहौल है. यहां सरकारी कोषागार में लूट मची हुई है।

झारखंड प्रभारी निवेदिता सिंह ने कहा कि एनडीए सरकार ने देश में अराजकता फैलाने का काम किया है, जबकि देश की चुनी हुई जनता ने नरेंद्र मोदी को देश की सत्ता सौंपी है. कांग्रेस और इंडी गठबंधन के लोग सत्ता से दूर हैं और लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं. देश की जनता सब देख रही है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!