
पीसीसी सड़क किनारे मिट्टी डालने से सड़क बनी कीचड़मय: रमेश उराँव
Latehar : जिला मुख्यालय के समीप पानी टंकी से चंदनडीह तक बनी पीसीसी सड़क के किनारे मिट्टी डाल दिए जाने से पूरी सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। सड़क की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलने वाले लोगों के साथ-साथ दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने इसे संबंधित विभाग और संवेदक (ठेकेदार) की गंभीर लापरवाही बताया है।

मनोज पांडेय ने बताया कि पीसीसी सड़क के किनारे यदि भराई करनी ही थी तो मिट्टी के बजाय मोरम डाला जाना चाहिए था। लेकिन लापरवाहीवश मिट्टी डाल दी गई, जिसके कारण बारिश होते ही सड़क के किनारे और कई स्थानों पर कीचड़ फैल गया है। इससे आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं तथा कई लोग घायल भी हो चुके हैं।वहीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रमेश उरांव ने कहा कि यह सड़क जिला मुख्यालय से सटी हुई है और इस मार्ग से प्रतिदिन आम लोगों के अलावा कई प्रशासनिक अधिकारी भी गुजरते हैं।
इसके बावजूद सड़क की बदहाल स्थिति पर अब तक किसी का ध्यान नहीं जाना चिंता का विषय है।श्री उराँव ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।उन्होंने उपायुक्त लातेहार से मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच कराने तथा संबंधित विभाग एवं नगर पंचायत के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। साथ ही सड़क किनारे डाली गई मिट्टी को हटाकर मोरम डालने एवं सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि जनहित से जुड़े ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और आम नागरिकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।





