मणिपुर में 10 उग्रवादी और 5 मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार व नशीले पदार्थ बरामद

Emphal : मणिपुर में उग्रवाद, जबरन वसूली और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस एवं सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। 13 से 15 जून के बीच विभिन्न जिलों में चलाए गए अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों ने 10 उग्रवादियों और 5 मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद, संदिग्ध अफीम, ब्राउन शुगर तथा अन्य सामग्री बरामद की गई है।

मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से मंगलवार को जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, 15 जून को सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर थोउदाम रोशन मेइतेई उर्फ पिबारेल (21) को इंफाल पूर्वी जिले के सावोमबुंग मनियाइसकुल स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। आरोपी लमलाई थाना क्षेत्र का निवासी है।

इसके एक दिन पहले 14 जून को असम के खटखटी क्षेत्र से गिरफ्तार किए गए मेइतांकेइशांगबम जिबन मैतेई उर्फ कटुंगचा (43) से पूछताछ के आधार पर सुरक्षा बलों ने पंगेई और याइरीपोक क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान तीन इंसास राइफल, एक एक्स कैलिबर राइफल, दो एसएलआर राइफल, दो .303 राइफल, एक 9 एमएम पिस्तौल, एक 7.65 एमएम पिस्तौल, 33 जिंदा कारतूस तथा विभिन्न हथियारों की 10 मैगजीन बरामद की गईं।

इसी दिन इंफाल पश्चिम जिले के वांगोई थाना गेट पर नियमित जांच के दौरान 240 कैन बीयर जब्त की गईं। जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग के हवाले कर दिया गया।

सुरक्षा बलों ने 14 जून को केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) गुट की सक्रिय महिला सदस्य लाइथांगबम सनतोम्बी देवी (24) को भी गिरफ्तार किया। वह वर्तमान में इंफाल पश्चिम जिले के लैंगोल गेम विलेज क्षेत्र में रह रही थी।

एक अन्य महत्वपूर्ण कार्रवाई में सेना के वरिष्ठ अधिकारी की सरकारी गाड़ी जैसी दिखने वाली एक इनोवा कार को सेनापति जिले के टी. खुलेन क्षेत्र में रोका गया। वाहन से 15.4 किलोग्राम संदिग्ध अफीम के 17 पैकेट बरामद किए गए। कार चालक तारकेश्वर सिंह (45), जो असम के तिनसुकिया जिले का निवासी है, को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन पर लगे सैन्य प्रतीकों और झंडे की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है।

उग्रवाद विरोधी अभियान के तहत केसीपी (एमएफएल) गुट के सदस्य याम्बम मोमोचा सिंह उर्फ अबुंगचा (34) को इंफाल पूर्वी जिले के पौराबी मखा लीकाई से गिरफ्तार किया गया। वहीं आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय सदस्यों रोशन युमनाम (33) और स्वयंभू सार्जेंट मेजर ख्वाइराकपम चेतन मैतेई (37) उर्फ नानाओ उर्फ चुमथांग को भी इंफाल पश्चिम जिले से पकड़ा गया।

सुरक्षा बलों ने यूआरएफ के सक्रिय सदस्य और कथित जबरन वसूलीकर्ता मोहम्मद नवाज खान उर्फ हीरो (20) को मिनुथोंग गोलापति क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसी क्रम में एनआरएफएम के सदस्य निंगथौजम प्रेमकुमार सिंह उर्फ पुंसीरोल उर्फ इबुंगो (35) को यारीपोक लमलाई क्रॉसिंग से हिरासत में लिया गया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!