
संत मरियम स्कूल में चौथा कमिश्नरी लेवल कराटे चैंपियनशिप संपन्न
Palamu : संत मरियम विद्यालय, मेदिनीनगर में मार्शल-आर्ट्स मास्टर मीट एवं चौथा कमिश्नरी लेवल कराटे चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन युवा वैज्ञानिक गोपाल जी, जिन्हें “बनाना बॉय” के नाम से भी जाना जाता है, तथा इंटरनेशनल टाइगर्स फुल कॉन्टैक्ट कराटे फेडरेशन के चेयरमैन अविनाश देव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दो बाल कराटे खिलाड़ियों के बीच मुकाबला कराकर की गई। इस अवसर पर पलामू, गढ़वा और लातेहार जिले से पहुंचे लगभग 20 मार्शल-आर्ट्स प्रशिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि गोपाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ, सुरक्षित और आत्मनिर्भर जीवन के लिए विशेष रूप से लड़कियों को मार्शल-आर्ट्स का प्रशिक्षण लेना बेहद जरूरी है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे स्वयं अपनी सुरक्षा कर सकें।
वहीं अविनाश देव ने अपने संबोधन में कहा कि मार्शल-आर्ट्स केवल आत्मरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को खेल एवं आत्मरक्षा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। निरंतर अभ्यास और अनुशासन से खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को खेल और मार्शल-आर्ट्स के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की।

सम्मानित प्रशिक्षकों में शिहान सज्जाद हुसैन कादरी, शिहान अजय कुमार ठाकुर, शिहान संजय कुमार पासवान, सेन्साई अभिषेक कुमार, सेन्साई नटवर पाण्डेय, सेन्साई आयुष कुमार, सेन्साई दीपक कुमार, सेन्साई विनीत कुमार, सेन्साई प्रिंस कुमार, सेन्साई बरुण कुमार, सेन्साई उज्जवल कुमार, सेन्साई गोल्डी कुमारी, सेन्साई डोली कुमारी, सेन्साई कल्पना कुमारी, सेन्साई चांदनी कुमारी, सेन्साई गुनगुन प्रिया एवं सेन्साई आंचल कुमारी सहित कई प्रशिक्षकों के नाम शामिल रहे।

यह आयोजन द वर्ल्ड मिक्स्ड मार्शल-आर्ट्स काउंसिल एवं इंटरनेशनल पुशामाकू शोतोकान कराटे डू फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने के लिए मध्यप्रदेश से भोला मिंज, छत्तीसगढ़ से अज्जू बारा तथा हरियाणा से अनिस्टर यादव पहुंचे थे।
चैंपियनशिप में विभिन्न भार वर्गों में कराटे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सैकड़ों मेडल अपने नाम किए। कार्यक्रम का सफल संचालन मुख्य मार्शल-आर्ट्स क्योशि डॉ. संतोष कुमार के नेतृत्व में किया गया।




