
संवेदकों की जायज मांगों पर ध्यान दें लातेहार उपायुक्त : रवि डे
Latehar : झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि संवेदकों का कार्य काफी जोखिम भरा होता है। वे अपनी जमा पूंजी लगाकर विकास कार्यों को गति देते हैं। इस कार्य में हमेशा राशि डूबने और विभागीय कार्रवाई का खतरा बना रहता है। विकास कार्यों में थोड़ी भी कमी पाए जाने पर सबसे पहले अधिकारियों की कार्रवाई संवेदकों पर होती है। कई बार उन्हें बदनाम कर आम जनता की नजरों में उनकी छवि खराब कर दी जाती है।
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन को संवेदकों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए और उनकी उचित मांगों को बिना किसी किंतु-परंतु के अविलंब पूरा करना चाहिए। संवेदक भी स्थानीय और बेरोजगार युवा हैं, जो रोजगार के अभाव में जोखिम उठाकर विकास कार्यों में योगदान दे रहे हैं। प्रशासन को उनकी समस्याओं को समझते हुए उचित समाधान की दिशा में पहल करनी चाहिए।





