सुदेश महतो बोले- झारखंड मांगे अधिकार, युवा मांगे रोजगार; मनिका में जुटी बड़ी संख्या में महिलाएं

Sanjay prajapati @ united palamu

Latehar: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो का लातेहार आगमन पर रविवार को जिलाध्यक्ष अमित पांडेय के नेतृत्व में समाहरणालय गेट के समीप भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात मनिका प्रखंड के मनिका स्थित प्रखंड अध्यक्ष नंदन कुमार गुप्ता के आवासीय परिसर में महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रीमा देवी की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला सचिव वीरेंद्र ठाकुर ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन नंदन कुमार गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।

सुदेश महतो ने मनिका से भरी हुंकार, हेमंत सरकार को बताया वादाखिलाफी की सरकार

मुख्य अतिथि सुदेश महतो ने अपने संबोधन में राज्य की वर्तमान सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता, विशेषकर महिलाओं और किसानों की अपेक्षाओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है।

वहीं महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रीमा देवी ने मंईयां सम्मान योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं को भ्रमित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने महिलाओं से किसी भी प्रकार के झांसे में नहीं आने की अपील की।

आजसू के प्रमुख प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि आजसू केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि झारखंडी अस्मिता का आंदोलन है। उन्होंने कहा कि झारखंड का युवा अब अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक हो चुका है। पलामू प्रमंडल से पलायन, बेरोजगारी और शोषण को समाप्त करने के लिए आजसू प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में केंद्रीय महासचिव संजय मेहता, उमेश सिंह भोक्ता, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, लातेहार जिलाध्यक्ष अमित पांडेय सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विजेंद्र दास, जिला कोषाध्यक्ष सदाम अंसारी, नगर अध्यक्ष विकास साहू, युवा जिला प्रभारी मुकेश यादव, लातेहार प्रखंड अध्यक्ष अमर उरांव, गारू प्रखंड अध्यक्ष आशीष सिंह, चंदवा प्रखंड से राजा दुबे,बालूमाथ प्रखंड अध्यक्ष शंकर उरांव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो सहित अन्य अतिथियों को फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!