
गढवा में सड़क दुर्घटना : लेसलीगंज के युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल, गढ़वा रेफर
Gadhwa : मझिआंव पंचायत स्थित राधाकृष्ण मंदिर के समीप भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।मिली जानकारी के अनुसार मेन सड़क पर स्कूटी सवार दो युवकों को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर खून से लथपथ तड़प रहे थे।

इस दुर्घटना में पलामू जिला के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लहर बंजारी गांव निवासी स्वर्गीय जगन्नाथ मेहता के 29 वर्षीय पुत्र मंटू मेहता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक मझिआंव नगर पंचायत के वार्ड नंबर 4 स्थित मझिआंव खुर्द निवासी अखिलेश पाठक के 32 वर्षीय पुत्र नीलाश पाठक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों युवकों को 108 नंबर एंबुलेंस से रेफरल अस्पताल मझिआंव में इलाज के लिए ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मंटू मेहता को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल नीलाश पाठक की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया गया।




