हुसैनाबाद गोलीकांड: आज सोन नदी के मुक्तिधाम घाट पर होगा छोटू सिंह का अंतिम संस्कार
Palamu :.ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह का दाह संस्कार शुक्रवार को देवरी कला स्थित सोन नदी के मुक्तिधाम घाट पर किया जाएगा। इसकी जानकारी मृतक के चाचा विजय कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद से मेदिनीनगर रेफर किया गया था। इस कारण देर शाम शव को जपला के शिवशक्ति नगर स्थित आवास पर लाया जा सका।विजय कुमार सिंह के अनुसार, घटना के बाद कई रिश्तेदार और शुभचिंतक बाहर थे, जो अब जपला पहुंच चुके हैं। परिजनों और करीबियों के पहुंचने के बाद शुक्रवार को अंतिम संस्कार की तैयारी की गई है।

गौरतलब है कि 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर पुरन्दर बिगहा स्थित विधायक संजय कुमार सिंह यादव के आवास के समीप ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया था।
हत्या के विरोध में गुरुवार को जपला बाजार पूरी तरह बंद रहा और शहर की प्रमुख सड़कों पर लोगों ने जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। देर शाम कुछ दुकानें खुलीं और सड़क जाम भी हटा लिया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे जनजीवन सामान्य हुआ।अब शुक्रवार को सोन नदी के मुक्तिधाम घाट पर छोटू सिंह का अंतिम संस्कार होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में परिजनों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों के जुटने की संभावना है।
घटना के बाद से क्षेत्र में शोक के साथ-साथ हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लोगों में आक्रोश भी बना हुआ है।




