हुसैनाबाद: मामा के धोखे ने शशि पासवान को सलाखों के पीछे धकेला
आस में बैठी पत्नी सुमित्रा की बिगड़ी हालत अस्पताल में भर्ती
Palamu : हुसैनाबाद के दादरा गांव की सुमित्रा कुमारी का यह दर्द हर उस इंसान की रूह कंपा देगा जो अपनों पर भरोसा करता है। जिस मामा ने बेहतर भविष्य का सपना दिखाकर शशि पासवान को दुबई बुलाया था, आज उसी अपने मामा के धोखे ने शशि पासवान को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।महीनों से पति की वापसी की गुहार लगाते-लगाते सुमित्रा का शरीर और मन दोनों थक चुके हैं।

मानसिक तनाव और बेबसी के कारण अंततः उनकी तबीयत इतनी बिगड़ी कि उन्हें बेहोशी की हालत में हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।इस मुश्किल घड़ी में युवा बसपा नेता अली हसन ने अस्पताल पहुंचकर सुमित्रा का हाल जाना और परिजनों को ढांढस बंधाया।

मासूम बच्चों का रोना और पत्नी का यह हाल दिल को झकझोर देने वाला है। अब पूरे इलाके की निगाहें सरकार और प्रशासन पर टिकी हैं कि इस बेसहारा परिवार को न्याय मिले।




