बच्चों के साथ खुशियां साझा कर अविनाश देव ने दिया पारिवारिक अपनत्व का संदेश
Palamu : लोक आस्था के महापर्व छठ के पारण के अवसर पर संत मरियम आवासीय विद्यालय में एक आत्मीय पहल के तहत आवासीय बच्चों के बीच छठ का प्रसाद वितरित किया गया। विद्यालय के चेयरमैन अविनाश देव ने बच्चों के बीच अगरौटा, केला एवं पूजा में अर्पित अन्य प्रसाद सामग्री का वितरण किया।

इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और उनके साथ कुछ समय व्यतीत किया।विद्यालय परिसर में आयोजित इस पहल का उद्देश्य उन बच्चों के साथ पर्व की खुशियां साझा करना था, जो छात्रावास में रहने के कारण छठ के अवसर पर अपने घर नहीं जा सके। प्रसाद वितरण के दौरान बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। छोटे बच्चों से लेकर बड़ी छात्राओं तक सभी ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर चेयरमैन ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की पहचान केवल उसकी शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि वहां विकसित होने वाले मानवीय मूल्यों और पारिवारिक वातावरण से भी होती है। विद्यालय में विभिन्न धर्मों और समुदायों के बच्चे एक साथ रहते हैं। ऐसे में प्रत्येक बच्चे की आस्था, संस्कृति और परंपरा का सम्मान करना विद्यालय परिवार की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने कहा कि प्रयास रहता है कि कोई भी बच्चा अपने त्योहार के अवसर पर परिवार से दूर होने के कारण अकेलापन महसूस न करे।

विद्यालय का वातावरण ऐसा हो, जहां बच्चों को शिक्षा के साथ अपनापन, सुरक्षा और भावनात्मक संबल भी मिले।

शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य ज्ञान के साथ संवेदनशीलता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का विकास करना है।





