
श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ छठ महापर्व

उपायुक्त संदीप कुमार ने धर्मपत्नी के साथ किया छठ व्रत
Latehar : लोक आस्था का महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा एवं भक्तिभाव से संपन्न हो गया। जिले के विभिन्न छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
उपायुक्त ने औरंगा नदी तट पर दिया अर्घ्य

इस अवसर पर लातेहार के उपायुक्त संदीप कुमार ने अपनी धर्मपत्नी के साथ छठ व्रत किया। सोमवार सुबह वे औरंगा नदी तट स्थित छठ घाट पहुंचे और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने भगवान भास्कर से जिलेवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल

जिले के विभिन्न घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों और भगवान सूर्य के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ पूजा की अंतिम रस्में पूरी कीं। घाटों पर आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और धार्मिक एकता की झलक भी देखने को मिली।
उल्लेखनीय है कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय से होती है। इसके बाद खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और अंत में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है। सुबह के अर्घ्य के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन हो गया।




