
चंदवा में भीषण सड़क दुर्घटना, तीन युवक गंभीर रूप से घायल
Latehar : चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चतरो पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार शाम एक अज्ञात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।घायल युवकों को स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रांची रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंदवा प्रखंड के अलौदिया ग्राम निवासी अनुप कुमार अपने दो साथियों दीपक कुमार और अमरजीत कुमार के साथ चकला पंचायत स्थित नगर गांव में संचालित अपनी छोटी बर्फ फैक्ट्री का काम देखने गए थे। काम समाप्त कर तीनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे।इसी दौरान रास्ते में बाइक में पेट्रोल कम हो जाने के कारण वे चतरो पेट्रोल पंप पहुंचे और तेल भरवाया।
बताया जाता है कि पेट्रोल पंप से कुछ दूरी आगे बढ़ते ही एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना में तीनों युवक सड़क किनारे गंभीर अवस्था में पड़े रहे। शाम का समय होने के कारण कुछ देर बाद राहगीरों की नजर घायलों पर पड़ी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही विधायक प्रतिनिधि विजय दुबे मौके पर सक्रिय हुए और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचवाया। अस्पताल में डॉ. कंचन बाड़ा की देखरेख में तीनों का प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में विजय दुबे ने 108 एंबुलेंस की व्यवस्था कर गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कराया।
घायलों में अनुप कुमार की स्थिति सबसे अधिक गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना में उनका जबड़ा टूट गया है। अनुप कुमार के पिता का नाम नंदकिशोर साव बताया गया है। वहीं अन्य घायलों की पहचान दीपक कुमार और अमरजीत कुमार के रूप में हुई है।घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक की जल्द पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।





