
बाइक चोर गिरोह का पुलिस ने किया खुलासा, 5 आरोपित गिरफ्तार
Ranchi : पूर्वी सिंहभूम जिले में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच मानगो थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वाहन चोरी और चोरी की बाइक की खरीद-बिक्री करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए उसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में मो शाकिब, दानिश खान, इस्माइल आलम, मो अयान और मो नसीम अख्तर शामिल हैं। वहीं नयाब मुस्तफा और सरफराज अली फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार मानगो थाना पुलिस नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट मैदान के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और उनके पास मौजूद बाइक संख्या जेएच05एजे-4340 के दस्तावेज मांगे। आरोपित वाहन से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।

इसके बाद सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें खुलासा हुआ कि गिरोह चोरी की बाइक को कम कीमत पर बेचने का काम करता था। पुलिस के अनुसार आरोपित बाइक की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से फॉरेस्ट मैदान क्षेत्र में पहुंचे थे। शनिवार को मानगो थाना प्रभारी नित्यानंद प्रसाद ने बताया कि सहायक अवर निरीक्षक राजेश कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपितों की तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच में वाहन चोरी के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है।



