जनगणना कर्मी बनकर घर में घुसी महिला, दो साथियों के साथ बंधक बनाकर लूटा

Ranchi : पूर्वी सिंहभूम जिला स्थित मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर 15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान में सोमवार को दिनदहाड़े एक महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने का मामला सामने आया है। वारदात में एक महिला सहित तीन आरोपितों के शामिल होने की बात सामने आई है। आरोपितों ने घर में अकेली मौजूद लीलावती अम्मा के साथ मारपीट की और करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा। इसके बाद उनके गले से सोने की चेन और कान की बालियां उतरवा लीं एवं घर में रखे अन्य सामान की भी तलाशी ली।

पीड़िता के अनुसार, घटना के दौरान सबसे पहले एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची। उसने खुद को जनगणना कर्मी बताते हुए बातचीत के बहाने दरवाजा खुलवाया। जैसे ही दरवाजा खुला, महिला के साथ आए दो युवक जबरन फ्लैट के अंदर घुस गए। इसके बाद तीनों ने लीलावती के साथ मारपीट शुरू कर दी और उन्हें बंधक बना लिया।

आरोप है कि बदमाशों ने लूटपाट के दौरान लीलावती के पहने हुए सोने के आभूषण भी जबरन उतरवा लिए। मारपीट में उनके चेहरे और मुंह पर गंभीर चोट लगी है। इस दौरान उनका एक दांत टूट जाने की भी जानकारी सामने आई है। घर में लूटपाट करने के बाद आरोपितों ने लीलावती को बालकनी में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए।

आरोपितों के जाने के बाद लीलावती ने बालकनी से ही शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें बालकनी से बाहर निकाला। इसके बाद सोसाइटी के लोगों ने घटना की सूचना उनके पति बीएस पिल्लई को दी। बीएस पिल्लई डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपितों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!