झारखंड के 5 जिलों में पांच को भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी
Ranchi : झारखंड के पांच जिलों में 5 सितंबर को भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भारी बारिश के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मौसम के इस बदलाव को देखते हुए संबंधित जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों में जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पाकुड़ जिले के पाकुड़िया में 61.8 मिलीमीटर दर्ज की गई। बारिश और बादल छाए रहने के कारण कई इलाकों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक तापमान बहरागोड़ा में 31.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि सबसे कम तापमान लातेहार में 20.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।



