भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी का आरोप : घोटालों की जांच राज्य की एजेंसियों से निष्पक्ष नहीं हो सकती

Ranchi : झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य में सामने आए कथित घोटालों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले छह-सात वर्षों में सामने आए कई बड़े घोटालों में मुख्यमंत्री और उनके करीबियों के नाम सामने आए हैं। ऐसे में इन मामलों की जांच राज्य की एजेंसियों से निष्पक्ष तरीके से कराया जाना संभव नहीं है।

मरांडी ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि साहिबगंज में 1200 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले में मुख्यमंत्री के विधायक प्रतिनिधि मुख्य आरोपित हैं। उन्होंने शराब घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें मुख्यमंत्री के पूर्व सचिव विनय चौबे को मुख्य सूत्रधार बताया गया है।

भाजपा नेता ने जेएसएससी-सीजीएल नियुक्ति मामले को लेकर भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नौकरी बेचने के मामले में मुख्यमंत्री के मित्र और मुख्यमंत्री आवास से जुड़े लोगों की भूमिका के आरोप सामने आए हैं। जमीन घोटाले का उल्लेख करते हुए मरांडी ने कहा कि इस मामले में मुख्यमंत्री के खिलाफ आरोप गठन की प्रक्रिया तक पहुंच चुकी है।

बाबूलाल ने पद के दुरुपयोग कर खनन लीज लेने के मामले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में बालू, पत्थर, कोयला और लौह अयस्क से लेकर ट्रांसफर-पोस्टिंग तथा नियुक्तियों तक भ्रष्टाचार के आरोप लगातार सामने आते रहे हैं।

राज्य की जांच एजेंसियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए मरांडी ने कहा कि जब किसी मामले के तार मुख्यमंत्री तक पहुंचने के आरोप हों, तो एसीबी और सीआईडी जैसी एजेंसियां निष्पक्ष जांच कैसे कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में मामलों की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए।

मरांडी ने शराब घोटाले में एसीबी की कार्रवाई और नियुक्ति घोटाले में सीआईडी की जांच को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब घोटाले में एसीबी ने चार्जशीट दाखिल नहीं की, जबकि नियुक्ति घोटाले में सीआईडी की जांच की दिशा बदल दी गई।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इन सभी गंभीर मामलों की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए। उनके अनुसार, स्वतंत्र एजेंसी से जांच होने पर ही निष्पक्षता सुनिश्चित हो सकेगी और जनता का जांच प्रक्रिया पर भरोसा कायम रहेगा।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!