झारखंड भाजपा के दिग्गज नेता रघुबर दास ने भाषा विवाद को लेकर हेमंत सरकार पर बोला हमला

Palamu : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड सरकार पर भाषा विवाद, पेपर लीक और प्राकृतिक संसाधनों के कथित दोहन को लेकर हमला बोला है।

अपने दो दिवसीय पलामू दौरे के दौरान मंगलवार को मेदिनीनगर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि भाषा समाज को जोड़ने का माध्यम है, इसे राजनीतिक विवाद का विषय बनाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मंत्री सरकार में रहते हुए निर्णयों का समर्थन करते हैं, लेकिन बाद में जनता के बीच जाकर विरोध करते हैं, जो “दोहरी राजनीति” का उदाहरण है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल की बैठक में भाषा से संबंधित निर्णय सभी मंत्रियों की सहमति से लिया गया था, लेकिन बाद में उसका विरोध करना केवल राजनीतिक दिखावा है। यदि कांग्रेस के मंत्रियों को भोजपुरी, मगही और अंगिका भाषाओं को हटाए जाने पर आपत्ति है तो उन्हें नैतिक रूप से मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय भाषाओं का सम्मान जरूरी है और शिक्षा के स्तर पर जिस क्षेत्र में जिस भाषा का अधिक प्रयोग है, उसे उचित स्थान मिलना चाहिए।

झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधते हुए रघुवर दास ने आरोप लगाया कि राज्य के प्राकृतिक संसाधनों से होने वाली आय का सही उपयोग नहीं हो रहा है और राज्य विकास की गति में पिछड़ रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड संसाधनों से समृद्ध राज्य होने के बावजूद अपेक्षित विकास नहीं कर पा रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि संसाधनों से मिलने वाला राजस्व सरकार के खाते में जमा होने के बजाय गलत तरीके से उपयोग हो रहा है।

रोजगार और निवेश के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में छोटे उद्यमियों को बढ़ावा दिया गया था, जबकि वर्तमान सरकार के दौरान निवेशक राज्य से बाहर चले गए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के दौर में कोई बड़ा निवेश नहीं आया है।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि जनता 2029 में बदलाव का इंतजार कर रही है और राज्य में भाजपा सरकार बनाने की दिशा में तैयारी चल रही है।

इस अवसर पर पलामू के सांसद वीडी राम, विधायक आलोक चौरसिया, विधायक शशिभूषण मेहता, मेयर अरूणा शंकर, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, पूर्व विधायक पुष्पा देवी, पूर्व सांसद मनोज कुमार, विजयानंद पाठक, नरेन्द्र पांडेय सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।————-

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!