झारखंड में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अब भी सामान्य से 34 प्रतिशत कम वर्षा

Ranchi : झारखंड में पिछले एक सप्ताह के दौरान मानसूनी गतिविधियों में तेजी आने से वर्षा की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। हालांकि, इसके बावजूद राज्य में एक जून से आठ जुलाई तक सामान्य से 34 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। इससे पहले एक जून से दो जुलाई के बीच यह कमी 46 प्रतिशत थी। हाल के दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश होने से वर्षा का घाटा कम हुआ है और कृषि गतिविधियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है।

राज्य में अब तक सबसे बेहतर स्थिति राजधानी रांची की रही है। यहां सामान्य 273.2 मिलीमीटर वर्षा के मुकाबले 259.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से केवल पांच प्रतिशत कम है। इसके विपरीत सबसे खराब स्थिति गोड्डा जिले की है, जहां सामान्य 239.8 मिलीमीटर के मुकाबले केवल 52.8 मिलीमीटर वर्षा हुई है। गढ़वा में भी सामान्य 197.1 मिलीमीटर के मुकाबले महज 56.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 75 प्रतिशत कम है। इसके अलावा चतरा, कोडरमा, पाकुड़, लोहरदगा और देवघर जिलों में भी सामान्य से काफी कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

मौसम विभाग ने 12 जुलाई को राज्य के मध्यवर्ती और उत्तर-पश्चिमी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सर्वाधिक 29 मिलीमीटर वर्षा लोहरदगा में दर्ज की गई। वहीं, इस अवधि में सबसे अधिक तापमान सरायकेला में 32.9 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान लातेहार में 21.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बुधवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से बादल छाए रहे, हालांकि दिनभर बारिश नहीं हुई। राजधानी में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अन्य प्रमुख शहरों में जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री, डाल्टनगंज का अधिकतम 32.5 डिग्री और न्यूनतम 26.3 डिग्री, बोकारो का अधिकतम 32.1 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री तथा चाईबासा का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!