
पाकिस्तान के क्वेटा में रेलवे ट्रैक पर भीषण धमाका, 26 की मौत
Islamabad : पाकिस्तान के क्वेटा में रविवार सुबह एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जब बलूच लिबरेशन आर्मी के मजीद ब्रिगेड के एक आत्मघाती हमलावर ने जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाकर जोरदार विस्फोट कर दिया. धमाका इतना भीषण था कि ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो गई. इस हमले में अब तक कम से कम 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 70 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने इसे सुनियोजित फिदायीन हमला करार दिया है.
जानकारी के मुताबिक, जाफर एक्सप्रेस ट्रेन क्वेटा कैंट से सैन्य कर्मियों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान चमन फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया. धमाके की चपेट में आने से ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह नष्ट हो गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद कई घरों और वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है. चश्मदीदों के मुताबिक, धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिसके बाद इलाके में धुएं का गुबार फैल गया.

राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है. सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है. क्वेटा में हुए भीषण विस्फोट की पाकिस्तान के रेल मंत्री ने कड़ी निंदा करते हुए इसे कायराना आतंकवादी हमला बताया है. उन्होंने कहा कि इस तरह के हमले देश के हौसले और राष्ट्रीय संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते.




