बटाने नदी में डूबे युवकों में एक का शव बरामद, राजू चन्द्रवंशी की तलाश जारी

Palamu : पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव स्थित बेलघटी के समीप बटाने नदी में नहाने के दौरान शनिवार को डूबे तीन युवकों में से एक का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया. मृतक की पहचान बिहार के बोधगया थाना क्षेत्र के खरौना गांव निवासी सुरेंद्र गुप्ता के 23 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है. रितिक औरंगाबाद में रहकर व्यापार करता था. वहीं, हादसे में डूबे दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी की तलाश अब भी जारी है।

घटना के बाद से पुलिस और स्थानीय ग्रामीण नदी में लगातार खोज अभियान चला रहे हैं. नदी में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को औरंगाबाद से युवकों की एक टोली पिकनिक मनाने और समय बिताने के लिए हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा पउरा गांव स्थित बेलघटी के समीप बटाने नदी पहुंची थी. इसी दौरान तीन युवक नहाने के लिए नदी में उतर गए. नहाते-नहाते तीनों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे. अचानक हुई घटना से मौके पर मौजूद अन्य युवकों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

युवकों के डूबने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राजेंद्र साव नामक युवक को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद उसे तत्काल हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया. सीएचसी में चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया. स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. वहीं, नदी में डूबे रितिक कुमार और राजू चन्द्रवंशी की तलाश शुरू कर दी गई।

शनिवार देर शाम तक नदी में दोनों युवकों की तलाश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली. रविवार सुबह पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोबारा खोज अभियान शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद रितिक कुमार का शव नदी से बरामद कर लिया गया. शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है.

पहचान की पुष्टि के बाद परिजनों को घटना की सूचना दी गई।रितिक कुमार का शव बरामद होने के बाद भी हादसे में डूबे दूसरे युवक राजू चन्द्रवंशी का कोई सुराग नहीं मिल सका है. पुलिस और ग्रामीण नदी के संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन कर रहे हैं. पानी की गहराई और बहाव के कारण तलाशी अभियान में दिक्कत आ रही है.

घटना की जानकारी मिलते ही रितिक के परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं, राजू चन्द्रवंशी के परिजन भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और उसकी तलाश का इंतजार कर रहे हैं।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!