
भवन निर्माण विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर, लगातार हो रहा टेंडर मैनेज का खेल : रवि डे
Latehar:झाविस नेता सह समाजसेवी रवि कुमार डे ने भवन निर्माण विभाग में कथित भ्रष्टाचार और टेंडर मैनेज किए जाने के आरोपों को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि लातेहार के भवन निर्माण विभाग में भ्रष्टाचार और लूट-खसोट का बोलबाला है। विभाग के खिलाफ लगातार भ्रष्टाचार के मामले सामने आ रहे हैं।
रवि कुमार डे ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के कारण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और कई योजनाएं घटिया एवं कमजोर साबित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया है कि हाल ही में डाले गए टेंडर में टेंडर मैनेज करने के कथित खेल में विधायक प्रकाश राम के नाम पर वसूली किए जाने की बात सामने आ रही है, जिससे विधायक की छवि को भी बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विधायक प्रकाश राम एवं जिला प्रशासन से मांग की कि भवन निर्माण विभाग में कथित अनियमितताओं की गंभीरता से जांच कर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित लोगों को चिन्हित किया जाए और उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रवि कुमार डे ने कहा कि सरकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता और भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए। दोषियों पर कार्रवाई होने से भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा और सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी सुनिश्चित हो सकेगी।





