महिलाओं से मारपीट के आरोप में बारियातू थाना प्रभारी व आरक्षी निलंबित

Latehar : जिले के बारियातू थाना प्रभारी पुअनि प्रभात कुमार दास और थाना के सीसीटीएनएस ऑपरेटर आरक्षी मनीष कुमार राम को निलंबित कर दिया गया है। दोनों पर नियमानुकूल प्रक्रिया का पालन नहीं करने का आरोप है। यह कार्रवाई महिलाओं के साथ कथित मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत के बाद की गई जांच के आधार पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, हेरहंज थाना क्षेत्र के सलैया पंचायत अंतर्गत मेलम गांव निवासी पुनिया देवी, पति मुकेश गंझू, सहित अन्य महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को आवेदन देकर बारियातू थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, निजी चालक चंद्रदेव ठाकुर और थाना के मुंशी मनीष कुमार पर मारपीट एवं गाली-गलौज करने का आरोप लगाया था। शिकायत में कहा गया था कि पांच अक्टूबर को अपराह्न करीब दो बजे बगनदी महुआ के पास सादे कपड़ों में पहुंचे लोगों ने उनके साथ मारपीट की। महिलाओं ने आवेदन में कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए थे।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बालूमाथ एसडीपीओ उमेश प्रसाद सिंह के नेतृत्व में महिला पुलिस पदाधिकारी सुशीला केसरी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम गठित कर मामले की जांच कराई गई।

जांच में प्रथम दृष्टया सामने आया कि पांच अक्टूबर को बारियातू थाना प्रभारी को गुप्त सूचना मिली थी कि शिकायतकर्ता पुनिया देवी के पति मुकेश गंझू और इंदुआ निवासी पिंटू यादव कथित रूप से अवैध रूप से अफीम की बिक्री करते हैं। इस सूचना के आधार पर थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, सीसीटीएनएस ऑपरेटर आरक्षी मनीष कुमार राम और निजी चालक चंद्रदेव ठाकुर अफीम की बरामदगी के लिए छापेमारी करने गए थे।

जांच के अनुसार, एनडीपीएस अधिनियम के तहत की जाने वाली छापेमारी में राजपत्रित पदाधिकारी की उपस्थिति से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। वरीय पुलिस पदाधिकारी अथवा दंडाधिकारी की अनुपस्थिति में छापेमारी और बरामदगी की कार्रवाई किए जाने को नियमानुकूल नहीं पाया गया। इसी आधार पर थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास और आरक्षी मनीष कुमार राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

बताया जाता है कि मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लातेहार पुलिस अधीक्षक को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसके बाद पुलिस स्तर पर जांच कर निलंबन की कार्रवाई की गई।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।
Back to top button
error: Content is protected !!