
महिला की मौत पर पैथोलॉजी सेंटर में उठे सवाल, रवि डे ने की गिरफ्तारी की मांग
Latehar : चंदवा प्रखंड मुख्यालय स्थित एक पैथोलॉजी सेंटर में कथित तौर पर गलत इंजेक्शन दिए जाने से एक बुजुर्ग महिला की मौत का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर झाविस नेता सह सामाजिक कार्यकर्ता रवि कुमार डे ने संबंधित पैथोलॉजी संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी कर श्री डे ने सवाल उठाया कि आखिर किस योग्यता और अधिकार के आधार पर पैथोलॉजी सेंटर में महिला को इंजेक्शन दिया गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
श्री डे के अनुसार, चंदवा प्रखंड की बोदा पंचायत अंतर्गत जामुनगढ़ा गांव की एक बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए चंदवा स्थित आराध्या पैथोलॉजी सेंटर लाया गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां इंजेक्शन दिए जाने के तुरंत बाद महिला को सांस लेने में परेशानी होने लगी और बाद में उसकी मौत हो गई।
आरोप यह भी है कि घटना के बाद महिला के शव को एक्स-रे कक्ष में छिपा दिया गया और बाद में कार से कहीं ले जाया गया। श्री डे ने इस पूरे मामले को गंभीर और अमानवीय बताते हुए संबंधित संचालक की गिरफ्तारी की मांग की है।
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है। हालांकि, घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि और जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।





