
मोहम्मदगंज: पुलिस ने लापता महिला का शव कब्रिस्तान से किया बरामद, हत्या की आशंका
Palamu : पलामू जिला स्थित मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव स्थित कब्रिस्तान से सोमवार रात एक महिला का शव बरामद हुआ है. मृतका की पहचान 30 वर्षीय नूरिसबा के रूप में हुई है. वह 8 जून से लापता थी।
जानकारी के अनुसार, नूरिसबा लंबे समय से अपने मायके में रह रही थी. कुछ दिन पूर्व ही वह अपने ससुराल गई थी. बताया जाता है कि उसका अपने ससुराल वालों से अक्सर विवाद होता रहता था।ससुराल जाने के कुछ दिनों बाद ही वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद 11 जून को मोहम्मदगंज थाना में सनहा दर्ज कराया गया था।सोमवार शाम पुलिस को कब्रिस्तान के पास एक महिला का शव पड़े होने की जानकारी मिली. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए MMCH भेज दिया और जांच शुरू की।

परिजनों ने महिला की हत्या किए जाने की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि नूरिसबा के पति मुजाहिद शेख ने दूसरी शादी कर ली थी. परिजनों का कहना है कि शव पर चोट के निशान मिले हैं. उन्होंने हत्या कर शव को कब्रिस्तान में फेंके जाने की आशंका जताई है।इस संबंध में थाना प्रभारी नारायण सोरेन ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे प्राप्त आवेदन और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।



