लेसलीगंज : ट्रैक्टर की चपेट में आने से युवक की मौत
Palamu : पलामू जिले के मेदिनीनगर-लेस्लीगंज-पांकी मुख्य मार्ग पर लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के मुंदरिया के पास शुक्रवार की रात ट्रैक्टर की चपेट में आने से 26 वर्षीय रतन साव की मौत हो गयी. घटना रात करीब नौ बजे की बतायी जा रही है.
रतन साव सदर थाना क्षेत्र के जमुने गांव का रहने वाला था. हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, रतन साव शुक्रवार की रात लेस्लीगंज की ओर से अपने घर जमुने लौट रहा था. इसी दौरान मुंदरिया के पास वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।रतन साव की मौत की खबर से परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गयी. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर ट्रैक्टर चलाते समय कई चालक नियंत्रण नहीं रखते हैं. उनका कहना है कि कुछ नाबालिग भी रात के समय अवैध बालू ढुलाई और अन्य कामों में लगे रहते हैं. ग्रामीणों के अनुसार, तेज और लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने के कारण सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है और लोगों की जान चली जाती है।




