सांसद वीडी राम ने मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्था की उच्चस्तरीय जांच के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लिखा पत्र
चिकित्सकों की कमी, अस्पताल की आधारभूत संरचना, साफ-सफाई एवं सरकारी राशि के उपयोग की जांच के लिए केंद्रीय जांच दल गठित करने का किया अनुरोध
Palamu : पलामू संसदीय क्षेत्र के माननीय सांसद विष्णु दयाल राम ने मेदिनीनगर स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (MMCH) की कार्यप्रणाली में व्याप्त कमियों एवं मरीजों को हो रही परेशानियों के संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखकर उच्चस्तरीय केंद्रीय जांच दल गठित करने का अनुरोध किया है।
सांसद श्री राम ने दिनांक 21 अक्टूबर 2026 को लिखे पत्र में कहा है कि मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पलामू, गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोग इलाज के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्था में कमियों का सीधा असर मरीजों को मिलने वाली चिकित्सा सेवाओं पर पड़ता है।

पत्र के माध्यम से सांसद ने चिकित्सकों एवं मेडिकल कॉलेज के शिक्षकों की कमी, अस्पताल की आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं, नए 500 बेड वाले अस्पताल भवन के निर्माण में देरी तथा सीटी स्कैन एवं डिजिटल एक्स-रे जैसी जांच सुविधाओं के संचालन में आ रही बाधाओं का मुद्दा उठाया है। इसके अतिरिक्त, अस्पताल के वार्डों में बिजली एवं पानी की उपलब्धता, साफ-सफाई और समुचित प्रबंधन व्यवस्था की भी जांच कराने का अनुरोध किया है।
सांसद ने आउटसोर्सिंग के माध्यम से संचालित सफाई व्यवस्था में स्वीकृत पदों एवं वास्तविक रूप से तैनात कर्मियों की संख्या के बीच कथित अंतर की जांच कराने पर जोर दिया है। साथ ही, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) सहित केंद्र समर्थित स्वास्थ्य योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त सरकारी राशि के उपयोग, पारदर्शिता एवं जवाबदेही की समीक्षा कराने का भी अनुरोध किया है।
उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया है कि एक उच्चस्तरीय केंद्रीय टीम गठित कर अस्पताल का व्यापक एवं स्वतंत्र निरीक्षण कराया जाए। जांच के दौरान चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, रिक्त पदों, मरीजों को उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, जांच उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, स्वच्छता व्यवस्था, नए अस्पताल भवन के निर्माण की प्रगति तथा सरकारी निधियों के उपयोग की विस्तृत समीक्षा की जाए।
सांसद ने यह भी अनुरोध किया है कि जांच में सामने आने वाली कमियों को दूर करने के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए, संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही निर्धारित की जाए तथा सुधारात्मक कदमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, चिकित्साकर्मियों की कमी दूर करने और अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए उचित सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
श्री विष्णु दयाल राम ने कहा कि क्षेत्र की जनता को समय पर, सुरक्षित एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की व्यवस्था में सुधार, उपलब्ध संसाधनों का पारदर्शी उपयोग और जवाबदेही सुनिश्चित होने से आम लोगों को बेहतर एवं सुलभ सरकारी स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
श्री राम ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा से मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक पहल एवं कार्रवाई करने का अनुरोध किया है, ताकि पलामू, गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस आशय की जानकारी सांसद के निजी सचिव वीडी राम ने दी।




