
वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत, आजसू नेता मुकेश यादव ने जताया शोक
Latehar : सदर थाना क्षेत्र के नवोदय विद्यालय रोड स्थित कस्तूरबा विद्यालय के समीप गुरुवार को आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान धर्मपुर निवासी पीयूष कुमार (पिता- दीपक प्रसाद) तथा वर्तमान में चंदनडीह निवासी पवन साहू (पिता- उमेश प्रसाद गुप्ता, मूल निवासी रामगढ़) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश शुरू होने पर वे बचाव के लिए महुआ के पेड़ के नीचे रुक गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उनके पास रखा एक मोबाइल फोन भी ब्लास्ट होकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना के प्रभार थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा।अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
इधर, आजसू पार्टी के जिला युवा प्रभारी मुकेश यादव ने इस हृदयविदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वज्रपात की इस दर्दनाक घटना ने हम सबसे हमारे दो अपने भाई पवन कुमार और पीयूष कुमार को छीन लिया। उन्होंने कहा, “यकीन नहीं होता कि अब तुम दोनों हमारे बीच नहीं हो। तुम्हारी मुस्कान, तुम्हारा साथ और तुम्हारी यादें हमेशा हमारे दिलों में जीवित रहेंगी। भाई, तुम दोनों की बहुत याद आएगी।” उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।





