Jharkhand : रिफाइन लदा टैंकर पलटा, तेल लूटने के लिए ग्रामीणों में मची होड़

Ranchi : कोडरमा घाटी में शनिवार की सुबह रिफाइन तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने राहत-बचाव के बजाय टैंकर से बह रहे रिफाइन तेल को लूटना शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक ग्रामीण प्लास्टिक के डिब्बे, बाल्टी, स्टील और एल्युमिनियम के बर्तन में तेल भरकर ले जाते रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो तेल लूट रहे लोग वहां से भाग निकले।

घटना कोडरमा थाना क्षेत्र के रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कोडरमा घाटी स्थित मेघातरी काली मंडा के समीप की है। बताया गया कि रिफाइन लदा टैंकर हल्दिया से बिहार जा रहा था। टैंकर चालक सुख नैन सिंह के अनुसार, काली मंडा के समीप ढलाननुमा मोड़ पर पीछे से आ रहे एक ट्रक ने टैंकर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ट्रक से बचने के क्रम में टैंकर चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद टैंकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में चालक केबिन में फंस गया था। मौके पर पहुंचे कुछ ग्रामीणों ने चालक को बाहर निकालकर उसकी जान बचाई। इसके बाद देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग टैंकर से बह रहे रिफाइन तेल को लूटने में जुट गए। ग्रामीण अपने घरों से प्लास्टिक के डिब्बे, बाल्टी और अन्य बर्तन लेकर पहुंचे और टैंकर से तेल भरकर ले जाने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बावजूद पुलिस के मौके पर पहुंचने में करीब आधे घंटे का समय लगा। इस दौरान तेल लूटने का सिलसिला जारी रहा। सड़क से गुजरने वाले राहगीर भी मौके पर रुककर ग्रामीणों की इस हरकत को देखते रहे। वहीं, घायल चालक की आंखों के सामने टैंकर से तेल और अन्य सामान ले जाया जाता रहा।

सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही तेल ले जा रहे ग्रामीण वहां से फरार हो गए। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!