Asian Games के लिए झारखंड की साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का भारतीय टीम में चयन
Ranchi : जापान के नागोया शहर में 19 सितंबर से चार अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 20वें एशियन गेम्स के लिए झारखंड की प्रतिभाशाली साइकिलिस्ट सरिता कुमारी का चयन भारतीय साइकिलिंग टीम में हुआ है। सरिता के चयन से झारखंड के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। वह एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।यह जानकारी सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में झारखंड साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र कुमार पाठक ने दी।

उन्होंने बताया कि सरिता कुमारी ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की विभिन्न साइकिलिंग प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा और क्षमता साबित की है। उनकी मेहनत, अनुशासन और लगातार प्रभावी प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला है।झारखंड साइकिलिंग संघ ने सरिता के चयन को राज्य में साइकिलिंग खेल के बढ़ते स्तर और यहां के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिल रही पहचान का महत्वपूर्ण प्रमाण बताया है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि सरिता का चयन झारखंड के उभरते साइकिलिस्टों के लिए भी प्रेरणादायक है।




