हुसैनाबाद : बाइक-टेंपो की टक्कर में युवक की मौत, एक गंभीर घायल

भजनिया नागाबाबा मंदिर के पास हादसा, 108 और 112 पर कॉल करने के बाद भी नहीं मिला जवाब

Palamu : मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर सोमवार सुबह करीब 9:20 बजे भजनिया स्थित नागाबाबा मंदिर के पास बाइक और टेंपो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजन इलाज के लिए हुसैनाबाद अस्पताल ले गए।

मृतक की पहचान मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र के बटउआ गांव निवासी उदेश राम के पुत्र रोहित के रूप में हुई है। वह अपने ननिहाल मोहम्मदगंज के रामनगर में रहता था। जानकारी के अनुसार, रोहित अपने साथी के साथ मोहम्मदगंज से घर की ओर जा रहा था। बाइक पर उसके साथ मोहम्मदगंज के किसुंडीह टोला निवासी स्वर्गीय जटू राम का पुत्र, जिसका प्रचलित नाम लेदा बताया जा रहा है, सवार था।

इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे टेंपो से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित के गले में गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार दूसरे युवक का माथा फट गया। उसकी स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है।

108 और 112 पर कॉल के बाद भी नहीं मिला जवाब

हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार, घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा पर कई बार कॉल किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद 112 पुलिस सेवा पर भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, पर वहां से भी तत्काल प्रतिक्रिया नहीं मिली। अंततः ग्रामीणों ने थाने के मोबाइल नंबर पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

एक माह में कई हादसे, तेज रफ्तार पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक माह के भीतर मोहम्मदगंज-जपला मुख्य पथ पर भजनिया के मल्होरी टोला से लेकर सबनवा मोड़ तक कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा मानकों की अनदेखी हादसों की प्रमुख वजह बन रही है।

ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि पिछले करीब पांच वर्षों से लगातार बाइक जांच अभियान चलाया जा रहा है, इसके बावजूद लोग यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं कर रहे हैं? जांच अभियान के बावजूद दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाना चिंता का विषय है।

स्थानीय लोगों ने सड़क पर गति नियंत्रण, नियमित यातायात निगरानी और आपातकालीन सेवाओं की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

United Palamu

यूनाइटेड पलामू के डिजिटल टीम के द्वारा इस न्यूज़ को पूरी तरह से जांच परख कर तैयार किया गया है। उक्त टीम के द्वारा तथ्यों का गहन विश्लेषण करने के बाद न्यूज़ तैयार किया जाता है। न्यूज़ पोस्ट करने के पूर्व उसकी गहन समीक्षा की जाती है। तत्पश्चात न्यूज़ पोस्ट किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!